सहारनपुर। अपने गायब किए फोन को तलाश कराकर वापस लेने के लिए देहरादून से आई महिला ने उस समय हंगामा खड़ा कर दिया, जब चौकी पर मौजूद दरोगा ने उससे दो हजार रुपये की मांग कर दी। आरोप है कि रुपये न देने पर उसके साथ गाली गलौज कर दी।
देहरादून के शिमला रोड स्थित दून एंक्लेव बंसल होम के निकट रहने वाली प्रीति साव शनिवार को अपने मोबाइल की तलाश में सहारनपुर के सदर बाजार कोतवाली की सिविल लाइन पुलिस चौकी पहुंची। प्रीति साव का कहना है कि उसके पिता का टैक्सी चलाने का कार्य है। उसके यहां चालक सन्नी टैक्सी चलाता है। आरोप है कि 15 दिन पूर्व सन्नी टैक्सी लेकर कहीं गया था। सन्नी ने अपने पास मोबाइल न होने की बात कहते हुए उससे मोबाइल मांग लिया था, जिस सहारनपुर में अपने परिचित सिपाही के बेटे को दे दिया। मोबाइल नहीं लौटाने पर प्रीति साव सहारनपुर में सिविल लाइन चौकी पर पहुंची और सन्नी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने सिपाही के बेटे को ही फंसता देख मोबाइल मंगवा लिया। आरोप है कि मोबाइल देने के लिए चौकी पर मौजूद दरोगा ने उससे दो हजार रुपये मांगे। नहीं देने पर अभद्रता की, जिस पर महिला ने हंगामा कर दिया। भीड़ इकट्ठा हुई तो दरोगा चौकी से खिसक लिया। पुलिस ने रात तक उसे बैठाए रखा। कोतवाली प्रभारी यज्ञदत्त शर्मा का कहना है कि महिला ने चालक सन्नी को दो महीने से पैसे नहीं दिए तो चालक ने महिला का मोबाइल बेच दिया था। दोनों पक्षों में समझौते के प्रयास जारी है।