सहारनपुर। मोहल्ला सिराज कॉलोनी में एक परिवार घर का ताला लगाकर अपनी रिश्तेदारी में चला गया। चोरों ने दिन में ही मकान का ताला तोड़कर नगदी, आभूषण एवं अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया।
मोहल्ला सिराज कॉलोनी स्थित असद मस्जिद के निकट आरिफ मुजम्मिल शनिवार सुबह अपने परिवार के साथ जनता रोड स्थित गांव झरोली में अपनी रिश्तेदारी में चले गए थे। उनके जाने के बाद चोरों ने उनके मकान का ताला तोड़ दिया और घर में घुस गए। चोरों ने पूरे मकान को खंगाल डाला और मकान में रखी नगदी, आभूषण एवं अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। शाम करीब सात बजे परिवार जब वापस लौटा तो घर के ताले टूटे और सामान बिखरा पड़ा मिला। आरिफ मुजम्मिल के अनुसार लाखों रुपये के आभूषण एवं अन्य सामान चोरी हुआ है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी की।