दहेज के लिए मारपीट करने का आरोप
सहारनपुर। दहेज में मोटरसाइकिल और दो लाख रुपये न मिलने पर ससुरालियों ने विवाहिता के साथ मारपीट की। आरोप है कि ससुरालियों ने विवाहिता का कान भी काट दिया। आरोपियों के खिलाफ महिला थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
कुतुबशेर के गांव भाऊपुर निवासी जमील अहमद की बेटी शहनाज की शादी 17 फरवरी 2016 को थाना रामपुर मनिहारान के मोहल्ला महल निवासी मुजम्मिल के साथ हुई थी। शहनाज के भाई समीर का आरोप है कि ससुराल में शादी के बाद से ही उसकी बहन को दहेज के लिए उत्पीड़न शुरू कर दिया गया। पति, ससुर, सास, जेठ, ननद उसकी बहन से मारपीट करने लगे और बाइक एवं दो लाख की मांग की मांग करने लगे। आरोप है कि 22 मई 2018 को ससुरालियों ने शहनाज के साथ मारपीट की और उसका कान भी काट दिया। जिसके बाद वह अपने मायके आ गई। समीर ने शहनाज के ससुरालियों के खिलाफ महिला थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।