बेहट (सहारनपुर)। थाना मिर्जापुर के गांव समसपुर नोगावा में गोकशी के वांछित चल रहे आरोपी को महिलाओं ने पुलिस से हाथापाई करते हुए छुड़वा लिया। बाद में पुलिस गोकशी के मुलजिम को शरण देने के आरोप में एक को पकड़ कर थाने ले आई।
कोतवाली प्रभारी केपी शर्मा ने बताया कि विगत दो फरवरी को गांव मिर्जापुर में गोकशी की सूचना पर छापा मारने पर दो लोगों की गोकशी में संलिप्तता पाई गई थी। दोनों मौके से भाग गए थे। बाद में एक आरोपी सलीम ने तो सरेंडर कर दिया था जबकि खानु निवासी मिर्जापुर फरार चल रहा था जो हिस्ट्रीशीटर भी है। बुधवार को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि खानू समसपुर नौगांवा निवासी इंतजार के घर पर परिवार सहित रह रहा है। सूचना के आधार पर एसएसआई शाहबुद्दीन एवं एसआई अनिल कुमार ने गांव समसपुर गांव में दबिश दी और गोकशी के आरोपी खानू को पकड़ लिया। पुलिस जब आरोपी को पकड़कर ले जाने लगी तो महिलाओं ने पुलिस टीम का विरोध करते हुए खानू को छुड़वा लिया। इसके बाद मौका पा कर खानू भाग खड़ा हुआ। पुलिस इंतजार के भाई को पकड़ कर थाने ले आयी जिसके यहा खानु शरण लिए हुए था। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।