टहल रहे अधिवक्ता के हाथों से मोबाइल छीना
सहारनपुर। सोमवार रात टहलने निकले एक अधिवक्ता के हाथों से स्कूटी पर आए दो युवक मोबाइल छीनकर ले गए। शोर-शराबा भी हुआ, मगर लुटेरे अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे। इस मामले में सदर बाजार कोतवाली में तहरीर दी है।
सदर कोतवाली के ओजपुरा गली निवासी अधिवक्ता अमित कुमार मेहरा सोमवार रात सवा नौ बजे के करीब भोजन करने के बाद टहलने निकले थे। सर्किट हाउस रोड से लौटते समय अमित पैदल ही फोन पर बात करते आ रहे थे। इसी बीच पीछे से स्कूटी पर आए दो युवकों ने झपट्टा मारकर हाथ से मोबाइल छीन लिया। अधिवक्ता ने शोर मचाया, मगर आरोपी स्कूटी लेकर तेजी से निकल गए। इसी बीच अधिवक्ता ने 100 नंबर पर काल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। हसनपुर पुलिस चौकी प्रभारी ने अधिवक्ता से बात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज में स्कूटी सवार युवकों को खोज रही है। बता दे कि शहर क्षेत्र में झपट्टा मार गैंग एक बार फिर सक्रिय हुआ है। सोमवार दोपहर को एक छात्रा से पर्स छीन लिया गया, जिनमें से एक युवक को पकड़ लिया गया था, जबकि दूसरा भागने में कामयाब हो गया था। दोनों आरोपी पुलिस कर्मियों के बेटे बताए जा रहे थे।