बड़गांव (सहारनपुर)। एक ग्रामीण का एटीएम कार्ड बदलकर ठग ने 40 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शनिवार को रिटायर्ड कर्मचारी सिंचाई विभाग गांव दल्हेड़ी निवासी नाथीराम पुत्र मनभर बड़गांव स्थित यूबीआई बैंक शाखा में लगे एटीएम से पैसे निकालने गया था। पीड़ित ने बताया एटीएम कक्ष के अंदर पहले से ही एक युवक खड़ा हुआ था। जब उसने अपने एटीएम कार्ड के द्वारा रुपये निकालने का प्रयास किया तो एटीएम से किसी कारण रुपये नहीं निकल सके। इसी बीच पास खड़े युवक ने उसका एटीएम कार्ड लेकर रुपये निकालने की बात कही। लेकिन रुपये नहीं निकल सके। इसके बाद युवक ने उसे कार्ड वापस कर दिया। कुछ ही देर बाद उसके मोबाइल पर बीस बीस हजार रुपये की निकासी के दो मेसेज प्राप्त हुए। यह देख उसके पैरों तले की जमीन खिसक गई। जब उसने अपना कार्ड देखा तो वह बदला हुआ था। इसके बाद पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। थानाध्यक्ष प्रवीन कुमार ने बताया कि अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कराई जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।