छुटमलपुर (सहारनपुर)। मंगलवार रात चोरों ने थाने से चंद कदमों की दूरी पर स्थित बंद मकान के ताले तोड़ कर सवा लाख रुपये की नगदी सहित करीब साढे पांच लाख रुपये के सोने चांदी के जेवर चोरी कर लिए। पीड़ित को सुबह घर पहुंचने पर चोरी का पता चला। इसके बाद पुलिस को खबर की गई।
फतेहपुर भादो निवासी राव फरहत खां मंगलवार की शाम अपने पैतृक गांव खेड़ी शिकोहपुर गए हुए थे। थाने की इमारत के पास स्थित इस मकान पर ताला लगा हुआ था। बुधवार की सुबह आठ बजे जब वे घर पहुंचे तो अंदर दरवाजों के ताले टूटे पड़े थे। चोर चारदीवारी फांद कर अंदर पहुंचे। उनके अनुसार चोर अलमारी के ताले तोड़ कर करीब 12 तौले सोने के जेवर, चांदी के जेवर, एक लाख 15 हजार रुपये की नगदी और तीन गुल्लकों में रखे करीब दस हजार रुपये सहित साढे़ पांच लाख रुपये का सामान समेट ले गए। चोरी की सूचना थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। थाने से चंद कदमों की दूरी पर चोरी की वारदात से पुलिस कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। वारदात से साफ है कि चारों के मन में पुलिस का जरा भी खौफ नहीं है।