बाइक सवार बदमाशों ने ताऊ-भतीजी से एक लाख रुपये लूटे
नागल (सहारनपुर)। नागल-देवबंद मार्ग पर बृहस्पतिवार को बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाडे़ बैंक से कैश निकालकर गांव लौट रहे ताऊ-भतीजी को तमंचों से आतंकित कर एक लाख रुपये की नगदी से भरा थैला लूट लिया और फरार हो गए।
क्षेत्र के गांव भरतपुर निवासी अरविंद त्यागी अपनी पुत्री के साथ तल्हेडी बस अड्डे स्थित पीएनबी से एक लाख रुपये निकालने गया था। दोपहर दो बजे कैश निकालकर उसने अपनी पुत्री को अपने बड़े भाई सुनील त्यागी की बाइक पर बैठाकर गांव भेज दिया और खुद वहीं रुक गया। जैसे ही उसका भाई गांव सरसीना के पास पहुंचा तो पीछे से आ रहे बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर उन्हें रोक लिया।
गोली मारने की धमकी देकर उनसे नगदी भरा बैग छीन लिया और तल्हेडी की ओर भाग गए। कुछ दूरी तक राहगीरों ने उनका पीछा भी किया। लेकिन बदमाश हाथ नहीं आ सके। सूचना के बाद सीओ देवबंद सिद्धार्थ सिंह और नागल थाना प्रभारी छोटे सिंह एसओजी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित से जानकारी ली। इसके बाद वे बैंक पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज खंगाले।