वीआईपी जोन में हुई 22 लाख की लूट को भूल गई पुलिस
सहारनपुर। दो सप्ताह पूर्व दिल्ली रोड के वीआईपी जोन में गुटखा व्यापारी के कर्मचारियों से हुई 22 लाख की लूट को पुलिस भूल ही गई। इस लूट के बाद कोतवाली प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया था, अब तक उस लूट की फाइल तक नहीं खोली गई।
दिल्ली रोड स्थित कमिश्नर के आवास के सामने न्यू आवास विकास में रात लगभग 8 बजे दो कर्मचारियों से बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे से आतंकित कर 22 लाख की लूट को अंजाम दिया था। व्यापारियों ने जमकर हंगामा किया था। वीआईपी जोन में हुई लूट ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए थे। अधिकारियों ने कोतवाली प्रभारी को लापरवाही मानते हुए लाइन हाजिर कर दिया था। शीघ्र खुलासे की उम्मीद में नए कोतवाल को कमान भी सौंप दी गई। लेकिन उसके बाद पुलिस लूट को जैसे भूल ही गई। पुलिस ने आज तक उसकी जांच ही शुरू नहीं की। लूट के बाद लुटेरे कहां गए, कोई दबिश तक नहीं दी गई। व्यापारियों ने बार-बार पुलिस से संपर्क भी किया, लेकिन पुलिस व्यापारियों को टालमटोल करती रही।
एसपी सिटी पीपी सिंह का कहना है कि मामले में जांच चल रही है। अभी लुटेरों का पता नहीं चल पाया है। जांच अधिकारियों से शीघ्र ही रिपोर्ट तलब की जाएगी।
ठगी का आरोप
सहारनपुर। जनकपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम हरेटी निवासी रेनू धीमान ने एक व्यक्ति पर मकान दिलाने के बहाने 3.40 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। इस मामले में उसने जनकपुरी थाना में शिकायत की है। पुलिस मामला लेन-देन का बता रही है।