रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। एक छात्र के पिता ने थाने में तहरीर देकर अध्यापिका पर उसके बेटे की दूसरे छात्रों से पिटाई कराने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
सहजवी गांव निवासी वेदपाल पुत्र रामदिया ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उसका पुत्र अनित कुमार हरपाली गांव के एक प्राईवेट इंटर कॉलेज में कक्षा सात का छात्र है। आरोप है कि स्कूल समय में ही कॉलेज की एक अध्यापिका के इशारे पर कॉलेज में ही पढ़ने वाले छात्रों द्वारा पिटाई की गई। उसका पुत्र कॉलेज से वापस आया तो उसने घटना की जानकारी उन्हें दी। इस संबंध में जब उसने कॉलेज के प्रबंधक से शिकायत की तो आरोप है कि उन्होंने उसकी सुनवाई करने के बजाय उल्टे उसके साथ ही गाली-गलौज कर जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। उसका कहना है कि घटना के बाद उसका बेटा मानसिक तनाव में है। उसने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उधर, थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपों की जांच कराई जा रही है। जांच के उपरांत कार्रवाई की जाएगी।