नकुड़ (सहारनपुर)। पुलिस व आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने हरियाणा के रास्ते कार में तस्करी कर लाई जा रही भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ एक तस्कर को पकड़ा है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर पकड़े गये तस्कर का चालान कर दिया है।
एसओ यशपाल सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह करीब छह बजे मुखबिर द्वारा क्षेत्र में हरियाणा के रास्ते भारी मात्रा में तस्करी कर अवैध शराब लाये जाने की सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस व आबकारी निरीक्षक अशोक कुमार के नेतृत्व में आबकारी टीम ने कार्रवाई करते हुए गांव पिलखनी के पास से गुजर रही एसेंट कार की तलाशी ली तो उसमें 312 बोतल व 624 पव्वे अरुणाचल प्रदेश मार्का भरी हुई थी। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया जबकि एक अन्य मौके से फरार हो गया। आरोपी से कोतवाली लाकर पूछताछ की तो उसने बताया कि वह उक्त शराब को नागल थाना क्षेत्र के गांव लाखनौर में सप्लाई के लिए लेकर जा रहा था। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी दीपसिंह पुत्र बलवीर सिंह निवासी गांव जीगना खेड़ा, जिला कुरुक्षेत्र, हरियाणा व फरार आरोपी पप्पू निवासी गांव लाखनौर, थाना नागल के विरुद्ध संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर पकड़े गए आरोपी को जेल भेज दिया है।