राम बारात में रथ रोकने के विरोध में हंगामा
देवबंद (सहारनपुर)। शहर में बुधवार रात निकाली जा रही राम बारात के शिव चौक पर पहुंचते ही कुछ असामाजिक तत्वों ने भगवान राम के रथ को रोकने का प्रयास किया। इसे लेकर हंगामा हो गया। मौके पर तैनात पुलिस बल ने हंगामा कर रहे युवकों को दौड़ाया और मामला शांत कराकर बारात को आगे के लिए रवाना कराया। रामलीला कमेटी ने असामाजिक तत्वों पर आयोजन में बाधा डालने और मारपीट का आरोप लगाया है।
बुधवार रात्रि में श्री विष्णु कला मंडल के तत्वावधान में नगर में राम बारात निकाली जा रही थी। रात्रि करीब सवा 11 बजे जब राम बारात में शामिल झांकियां शिव चौक पर पहुंचीं तो इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने भगवान श्री राम के रथ को रोकने को प्रयास किया। इसे लेकर दोनों ओर से विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने कई युवकों को वहां से भगाया।
सीओ सिद्धार्थ सिंह ने रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों को समझाकर मामला शांत कराय और राम बारात को अगले पड़ाव के लिए रवाना किया। सीओ सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि कुछ युवकों के बीच मामूली कहासुनी हो गई थी। इसके बाद मामला शांत कराया दिया गया। वहीं, बृहस्पतिवार को रामलीला कमेटी द्वारा पुलिस को सौंपी गई तहरीर में मंडल पदाधिकारियों के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। आरोप था कि जिस व्यक्ति ने राम बारात में विघ्न डालने का प्रयास किया, वह पूर्व में जेल जा चुका है। पहले भी कई मर्तबा उसके धार्मिक आयोजन में बाधा डाली गई। इसलिए पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई। इस घटना पर मंडल संस्थापक नरेश मित्तल, अध्यक्ष नितिन गुप्ता, मुक्की धवन, मोहित धवन, अंकित गुप्ता, संजय गोस्वामी, सतीश चंद, गगन मित्तल आदि ने रोष जताया।