छुटमलपुर (सहारनपुर)। ग्राम पंचायत द्वारा तालाब की खोदाई करने के लिए मंगाई गई जेसीबी पर अवैध कब्जाधारियों ने पथराव कर दिया। चालक के साथ भी मारपीट की गई। चालक ने जेसीबी में घुस कर केबिन बंद कर किसी तरह खुद को बचाया। बाद में प्रधान और जिम्मेदार लोगों ने मौके पर पहुंच कर चालक को वहां से निकाला। पीड़ित जेसीबी चालक ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
बता दें कि पुंवारका विकास खंड के गांव गंदेवड़ा में तालाब पर अवैध कब्जे के चलते लंबे समय से जल निकासी की समस्या पैदा हो गई है। लोकसभा चुनाव से पहले ग्रामीणों ने डीएम से शिकायत करते हुए जल निकासी की समस्या का हल कराने की मांग की थी। इस पर उस वक्त तालाब की सफाई का कार्य किया गया था बाद में आचार संहिता लगने के कारण काम बीच में लटक गया था। अब बरसात का मौसम देख फिर से ग्राम प्रधान द्वारा तालाब की सफाई और खोदाई कराने के लिए बृहस्पतिवार को जेसीबी बुलाई थी। पड़ोसी जिले हरिद्वार के थाना भगवानपुर के गांव अलावलपुर के रहने वाले सद्दाम पुत्र दिलशाद ने थाने में दी तहरीर में बताया कि सुबह साढे़ सात बजे वह जेसीबी लेकर जैसे ही तालाब पर पहुंचा तो दर्जन भर से ज्यादा लोगों ने गाली गलौज करते हुए उसे घेर लिया। जब तक वह कुछ समझ पाता उसके साथ मारपीट कर दी। वह किसी तरह इनके चंगुल से छुट कर जेसीबी के केबिन में घुस गया और अंदर से लाक लगा दिया। आरोप है कि हमलावरों ने जेसीबी पर पथराव कर दिया जिससे उसका शीशा टूट गया। जिन लोगों ने हमला किया है उन्होंने तालाब पर स्थाई रुप से कब्जा कर रखा है। इसी बीच वहां पहुंचे प्रधान और कुछ जिम्मेदार लोगों ने उसे बचाया। इसके बाद वह जेसीबी लेकर थाने पहुंचा और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उधर, थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर मिल गई है। जांच की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।