मुठभेड़ में बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
गंगोह (सहारनपुर)। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक लुटेरे को गिरफ्तार कर लिया। इसने एक दिन पूर्व ही रामबाग रोड पर महिला से नकदी और मोबाइल लूटा था। पुलिस ने एक बाइक, तमंचा, और कारतूस के साथ ही लूटी गई नकदी और मोबाइल भी बरामद किया है। बदमाश के पैर में गोली लगी है। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है। यह बदमाश कुख्यात मुकीम काला का साथी रहा है।
सीओ रामशरण सिंह ने बताया कि पुलिस मंगलवार को दूधला वजीरपुर मार्ग पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दूधला की ओर से आ रहे एक बाइक सवार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। लेकिन वह रुकने के बजाय भागने लगा। हड़बडी में उसकी बाइक सड़क किनारे गड्ढ़े में गिर गई और वह पैदल ही भागने लगा। पुलिस को घराबंदी करते देख बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। फायरिंग में एक गोली बदमाश के पैर में लग गई। दोनों तरफ से लगभग छह फायर किए गए। इसके बाद पुलिस ने घेर कर बदमाश को पकड़ लिया। घायल बदमाश को पुलिस सीएचसी ले गई। लेकिन उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। सीओ ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश गांव खानपुर निवासी मुनव्वर पुत्र अनवर है। उन्होंने बताया कि सोमवार दोपहर इसी बदमाश ने ही रामबाग रोड पर साधना शर्मा से चार हजार रुपये की नकदी और मोबाइल लूटा था। लूटी गई नकदी और मोबाइल के अलावा बदमाश से वारदात में प्रयोग की गई बिना नंबर की बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।
-रंगदारी और लूट के कई मामले हैं दर्ज
गंगोह। सीओ रामशरण सिंह ने बताया कि पकड़े गए बदमाश मुनव्वर पर रंगदारी मांगने के अलावा लूट आदि के छह मामले गंगोह एवं नकुड़ कोतवाली में दर्ज हैं। बताया कि इसने मुकीम काला के साथ रहते हुए एक मीट व्यापारी से रंगदारी मांगी थी। पुलिस पार्टी में सीओ रामचरण सिंह, कोतवाल एके सिंह, एसआई अनिल कुमार, राधेश्याम, विनित मलिक, विकास गुप्ता आदि शामिल रहे।