मौदहा। कस्बे की मंडी समिति स्थित सरकारी गेहूं खरीद पर यूपी एग्रो के केंद्र प्रभारी की सोमवार रात करीब 10 बजे संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होगी। हालांकि यहां तैनात चौकीदार व अन्य ने पुलिस को बताया है कि अधिक शराब पीने से केंद्र प्रभारी की मौत हुई है।
मंडी समिति के यूपी एग्रो केंद्र में तैनात प्रभारी मोहर सिंह (58) बरेली के निवासी थे। उनकी तैनाती केंद्र में कुछ ही दिन पहले हुई थी। यहां तैनात चौकीदार देवीचरण निवासी लौड़ी चंदला जनपद छतरपुर (मध्य प्रदेश) ने रात करीब 10 बजे पुलिस को सूचना दी कि केंद्र प्रभारी बोरों के ऊपर लेटे हैं और मरणासन्न स्थिति में है।
ऐसा लगता है जैसे उसकी मौत हो गई है। आननफानन में पुलिस पहुंची और उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां ड्यूटी पर तैनात डाक्टर रजत रंजन ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रात में ही पुलिस ने यूपी एग्रो के अधिकारियों सहित मृतक के परिजनों को सूचना दी। मृतक मोहर सिंह के तीन लड़के व दो लड़कियां हैं।
मृतक के पुत्र जितेंद्र सहित अन्य परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताया है, लेकिन किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। उधर चौकीदार ने पुलिस को बताया कि साहब कई दिन से अधिक शराब पी रहे थे और कल दिन में भी वह शराब पीते रहे। रात में वह खरीद केंद्र के एक छोर पर बोरों के ऊपर लेट गए और वह दूसरे छोर पर था।
जब वह घूमते हुए उनके पास पहुंचा व उन्हें घर जाने को कहा, लेकिन वह नहीं उठे तो वह घबरा गया। तब उसने पहले एंबुलेंस व बाद में कोतवाली पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस देर में आई लेकिन पुलिस उससे पहले आ गई। मंगलवार को यूपी एग्रो के आरएम पीडी वर्मा भी मौके पर आए।
उन्होंने बताया कि रात 10 बजे उन्हें प्रभारी की मौत की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा कि मौत का कारण तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा। इसी प्रकार एसडीएम राजेश कुमार चौरसिया व कोतवाल विक्रमाजीत सिंह ने मौत पर कोई टिप्पणी नहीं की।
घटना के बाद परिजनों में मचा कोहराम
अमर उजाला ब्यूरो