बाइक चोर के दो और साथी दबोचे
बेहट (सहारनपुर)। फतेहपुर टांडा गांव में ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए बाइक चोर के दोनों फरार साथियों को पुलिस ने लांडापुल से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए चोरों ने पूछताछ में खुलासा किया कि वह स्मैक खरीदने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। उनके द्वारा हरियाणा में भी चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया जा चुका है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर स्मैक तस्कर को भी गिरफ्तार कर लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने पकड़े गए तीनों चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनका चालान कर दिया है।
बता दें कि मंगलवार की रात खेत में पानी दे रहे टांडा गांव निवासी भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष घनश्याम सिंह राणा के पुत्र सचिंद्र कि रास्ते पर खड़ी बाइक को तीन चोरों ने चोरी कर लिया था, जिनमें से एक चोर को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था। बाद में देर रात में पुलिस ने पकड़े गए चोर के दोनों फरार साथियों को लांडापुल से गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी योगेश शर्मा ने बताया कि पकड़े गए चोरों ने पूछताछ में खुलासा किया है कि वह इस स्मैक का नशा करते है और स्मैक खरीदने के लिए ही चोरी करते थे। उनके द्वारा हरियाणा में भी चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया जा चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि वह कासमपुर गांव निवासी भूरा नाम के व्यक्ति से स्मैक खरीदते थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर भूरा को भी उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि भूरा से भी पूछताछ की जा रही है। पकड़े गए बाइक चोरी के आरोपियों अकरम पुत्र हमीद, वाजिद पुत्र जुल्फान व रमजान उर्फ अमजद पुत्र सलीम निवासी खिजराबाद यमुनानगर (हरियाणा) के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनका चालान कर दिया गया है। उनके खिलाफ खिजराबाद थाने में भी चोरी के कई मुकदमे दर्ज है।