सहारनपुर के छुटमलपुर के फतेहपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 15 हजार का इनामी बदमाश गोली लगने के बाद धर दबोचा। इस दौरान एक हेड कांस्टेबल भी गोली लगने से घायल हो गया। हालांकि मुठभेड़ में बदमाश का एक साथी फरार होने में सफल रहा।
घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बदमाश के पास से एक बाइक, .32 बोर का पिस्टल और कारतूस मिले हैं। एसपी सिटी की अगुवाई में कई थानों की पुलिस ने फरार बदमाश की तलाश में कांबिंग अभियान चलाया, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ सका। थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार की सुबह दस बजे उन्हें मुखबिर ने सूचना दी थी कि रुड़की रोड से गंगाली जाने वाले रास्ते पर स्थित जनहित कालेज के सामने बाग में बाइक सवार दो लोग संदिग्ध अवस्था में खड़े हैं।
उन्होंने अफसरों को खबर की और तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को आता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इसी दौरान बिहारीगढ़, बेहट और गागलहेड़ी पुलिस को लेकर एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह और सीओ चौब सिंह भी मौके पर पहुंच गए। बदमाशों की घेराबंदी की तो दोनों तरफ से फायरिंग हुई।
इसमें एक बदमाश को गोली लग गई जबकि दूसरा मौके से भाग खड़ा हुआ। बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली से एक हेडकांस्टेबल संजय यादव भी घायल हो गया। घायल बदमाश मुजफ्फरनगर के थाना कंकरोली क्षेत्र के गांव खाईखेड़ा निवासी इकराम पुत्र हयात को पुलिस ने पकड़ लिया। घायल बदमाश और हेडकांस्टेबल को जिला अस्पताल भेजा गया।
मौके पर पहुंची कई थानों की पुलिस के साथ एसपी सिटी ने फरार हुए बदमाश की तलाश में कांबिंग अभियान भी चलाया, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ सका है। थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पकड़ गये बदमाश इकराम पर थाना बेहट से 15 हजार रुपये का इनाम घोषित है।
उस पर सहारनपुर के बेहट और हरिद्वार के मंगलौर में आर्म्स एक्ट, गैंगेस्टर, चोरी और लूट के कई मामले दर्ज हैं। बदमाशों के पास से एक बाइक, .32 बोर का पिस्टल और कारतूस मिले हैं। प्रथम दृष्टया बाइक चोरी की मानी जा रही है। उसका पता लगाया जा रहा है।
पकड़े गये बदमाश इकराम का आपराधिक रिकार्ड
1 धारा 342,392 एवं 411 में थाना बेहट में मुकदमा पंजीकृत।
2. धारा 307 में थाना बेहट में मुकदमा पंजीकृत।
3. धारा 379 एवं 411 में थाना मंगलौर जनपद हरिद्वार में मुकदमा पंजीकृत
4. धारा 399,402 एवं 307 में थाना मंगलौर जनपद हरिद्वार में मुकदमा पंजीकृत
5. धारा 25 आर्म्स एक्ट में थाना मंगलौर जनपद हरिद्वार में मुकदमा पंजीकृत
6. धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट में थाना मंगलौर जनपद हरिद्वार में मुकदमा पंजीकृत