सहारनपुर। जनपद में तैनात एक सिपाही ने मुरादाबाद में तैनात सिपाही और उसके साथी पर छेड़छाड़ करने, फोटो एवं कॉल रिकार्डिंग सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। आरोपी और उसके साथी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पीड़ित सिपाही ने आरोप लगाया कि मुरादाबाद में तैनात बागपत के रमाला थाना क्षेत्र के गांव असारा निवासी आरिफ अली और उसके एक साथी ने उसकी बहन की कॉल रिकॉर्डिंग और फोटो ले लिए हैं। कॉल रिकार्डिंग और फोटो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसकी बहन को ब्लैकमेल कर अभद्र हरकतें की। आरोपी ने गत 23 फरवरी को उसके परिवार को भी धमकी दी। सिपाही भाई ने मुरादाबाद में तैनात आरोपी सिपाही आरिफ अली और उसके गांव के साथी के खिलाफ सदर कोतवाली में छेड़छाड़ और धमकी दिए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। सदर बाजार कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पंकज पंत का कहना है कि मामले में आरोपी सिपाही आरिफ अली सहित उसके साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गी है। मामले की जांच की जा रही है।
अश्लील फोटो बनाकर युवती से मांगे एक लाख
सहारनपुर। धोखे से एक युवती का फोटो लेकर ट्रिक फोटोग्राफी से उसको अश्लील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने और एक लाख रुपये मांगने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने एक युवक और उसकी मां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित युवती शहर की एक पॉश कालोनी की रहने वाली है। आरोपी युवक और उसकी मां शहर की हकीकतनगर कालोनी में रहते हैं। युवती का आरोप है कि युवक ने किसी तरह से उसका फोटो हासिल कर लिया और मोबाइल ऐप के जरिये फोटो को अश्लील बना दिया। इसके बाद उसके फोटो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देते हुए एक लाख रुपये की मांग की गई। सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पंकज पंत ने बताया कि आरोपी पोंटी और उसकी मां सुमन के खिलाफ आईटी एक्ट तथा धमकी देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।