हाईवे पर रिसोर्ट में बिजली चोरी पकड़ी
बिहारीगढ़ (सहारनपुर)। विद्युत निगम की टीम ने विशेष चेकिंग अभियान के तहत रविवार को दिल्ली देहरादून हाईवे स्थित एक रिसार्ट पर निरीक्षण कर मीटर को बाईपास करते हुए ट्रांसफार्मर की एलटी लाईन से केबल डालकर बिजली चोरी करते हुए पकड़ा। टीम ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने पर तहरीर दी है।
विद्युत निगम के उपखंड अधिकारी बेहट धर्मवीर सिंह, मुजफ्फराबाद से धर्मेंद्र कुमार, अवर अभियंता धर्मेंद्र नोटियाल, संतोष कुमार, अभय कुमार टीम सहित क्षेत्र में चेकिंग के लिए पहुंचे।
टीम ने दिल्ली देहरादून हाईवे पर राजस्थान ग्रुप के नवनिर्मित रिसोर्ट पर छापा मारा। एसडीओ धर्मवीर सिंह ने बताया दो कोर का पीवीसी केवल डालकर 25 केवीए के ट्रांसफार्मर से मीटर को बाईपास करके बिजली चोरी की जा रही थी। टीम को पता चला कि उपभोक्ता के पास केवल एक किलोवाट का कनेक्शन होना दिखाया गया है। मौके पर पहुंचे अधिकारियों और कर्मचारियों ने रिपोर्ट तैयार की। इसके मुताबिक करीब पांच किलोवाट का भार अंकित किया गया है। बिजली चोरी पकड़ने पर टीम में मौजूद अधिकारियों ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। थानाध्यक्ष बिजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि तहरीर मिली है। इस पर कार्रवाई की जाएगी।