पशुओं से भरे ट्रक को ग्रामीणों ने पकड़ा
रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। ठूंस ठूंस कर भरे गए भैंस और भैंसों से भरे ट्रक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इस दौरान मौका देखकर ट्रक चालक फरार हो गया। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच ट्रक को कब्जे में लेते हुए घेराबंदी कर चालक को भी धर दबोचा।
दिल्ली रोड हाईवे पर गांव खटकाहेड़ी के पास एक ट्रक में भैंस व भैंसें ठूंस-ठूंस कर भरे देखकर ग्रामीणों ने ट्रक रुकवा लिया। इस दौरान चालक ट्रक छोड़ कर फरार हो गया। ग्रामीणों ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया और खुद ही उसे गांव पहांसू वाले मार्ग पर ले गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को गांव धारकी के पास से बरामद कर लिया और उसे थाने ले आई। इसके बाद ट्रक चालक को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी सीपी कठेरिया ने बताया कि ट्रक में 21 पशु भरे हुए थे। अब यह पता लगाया जा रहा है कि यह पशु कहां से लाए गए और इन्हें कहां ले जाना था। ट्रक के कागजों की भी जांच की जा रही है।