लकी ड्रा के नाम पर 5.65 लाख ठगे
सहारनपुर। एक आन लाइन शॉपिंग कंपनी के ड्रा में टाटा सफारी कार निकलने का झांसा देकर एक युवक से पांच लाख पैंसठ हजार रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित ने एसएसपी को मामले से अवगत कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला ठठेरो वाली गली निवासी सरफराज पुत्र सरदार अहमद ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि सात जुलाई को एक व्यक्ति ने खुद को नोएडा स्थित कंपनी का कर्मचारी बताते हुए फोन पर कहा कि लकी ड्रा में उसकी टाटा सफारी कार निकली है। कार की कीमत 12 लाख 80 हजार रुपये है, जिसे प्राप्त करने के लिए साढे़ आठ हजार रुपये एक एकाउंट नंबर देते हुए बैंक में जमा कराने के लिए कहा गया। पीड़ित ने बताया कि वह अक्सर उक्त कंपनी से खरीदारी करता है अत: उसने आरोपी की बात का यकीन करते हुए उक्त रकम जमा करा दी। इसके अगले दिन चैक वेरीफाई ना होने की बात कहते हुए 45 हजार रुपये, 9 जुलाई को 15 हजार रुपये जमा कराए गए। इसके बाद जल्द ही 12 लाख 80 हजार रुपये बैंक में ट्रांसफर करने का झांसा देकर अनेक बार में कुल 5 लाख 65 हजार रुपये जमा करा लिए। अब उस पर 1 लाख 15 हजार रुपये ओर जमा कराने का दबाव बनाया जा रहा है। पीड़ित ने बताया कि उसने लालच में आकर लोगों से कर्ज लेकर उक्त रकम जमा कराई है। पीड़ित ने कार्रवाई की मांग की है।