महिला को चाकू से आतंकित कर जेवर लूटे
बेहट (बागपत)। व्यापारी के मकान में तीन लाख की चोरी की वारदात को अभी 10 घंटे भी नहीं बीतें थे कि मोहल्ला महाजनान में बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे डाली। तीन-चार बदमाश उक्त मोहल्ले के एक मकान पर धावा बोलकर पति को बेहोश कर महिला की गर्दन पर चाकू रखकर करीब 80 हजार के जेवर लेकर फरार हो गए। पीड़ितों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। साथ ही बदमाशों की तलाश की, लेकिन वह हाथ नहीं लग सके।
वारदात मंगलवार रात करीब दो बजे अंजाम दी गई। इससे पहले शाम के समय करीब चार बजे इसी मोहल्ले में चोरों ने व्यापारी विजय जिंदल के मकान में घुसकर 52 हजार रुपये समेत करीब तीन लाख रुपये के जेवर चोरी कर लिए थे। रात में बदमाश शफीक के मकान में घुसे और उसे सोते हुए दबोच कर नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। आहट सुनकर उसकी पत्नी साजदा की आंख खुल गई। एक बदमाश ने साजदा की गर्दन पर चाकू रख दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए उसके कानों से सोने कुंडल, नाक से नथ, हाथों से कंगन और पैरों से चांदी की पाजेब आदि जेवरात उतरवा लिए। इसके बाद बदमाश दीवार फांदकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद उसने शोर मचाया। आस पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित से घटना की जानकारी ली। पीड़ित की तरफ से घटना की तहरीर कोतवाली में दी गई है।