सहारनपुर। मंडी कोतवाली क्षेत्र निवासी एक महिला ने अपने पति पर प्रताड़ित किए जाने एवं उसकी चार साल की बेटी को लेकर एक व्यक्ति पर आरोप लगाकर उसे परेशान करने का आरोप लगाया है।
महिला का कहना है कि उसने अपने पति के उत्पीड़न से परेशान होकर जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत की थी। जांच के लिए जब मंडी कोतवाली से फोन पहुंचा तो इसकी जानकारी उसके पति को हो गई। जिस पर पति एवं ससुराल के अन्य लोग भड़क उठे। उस पर तेजाब डालने का प्रयास किया। लेकिन वह किसी प्रकार बच गई। उसके बाद उसका पति और ससुर उसे जबरन पकड़कर निर्यात निगम चौकी पर ले गए। जहां उसके पति ने उसके साथ अभद्रता की। जिस पर पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़कर हवालात ले जाने लगे। उसके पति ने इस पर अपने पिता के पुलिस में होने की धमकी दी। पति ने अपने परिवार के अन्य लोगों को फोन पर इसकी सूचना दी। जब वह अपने घर आ रही थी तभी रास्ते में उसके पति के भाई, बहनोई, मामू ने उसे पकड़ लिया, उसके साथ अश्लील हरकतें कीं तथा उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। उसने आरोप लगाया कि उसकी चार साल की बेटी को भी बेवजह बदनाम करने का प्रयास किया। कहा कि उसकी बेटी के साथ एक अन्य युवक ने अश्लील हरकतें की हैं। जबकि उसकी बेटी के साथ कोई हरकत नहीं हुई। महिला ने एसएसपी को पत्र भेजकर अपने पति एवं ससुर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की।