दिनभर दौड़ती रहीं पुलिस की गाड़ियां
सहारनपुर। भीम आर्मी जिलाध्यक्ष के भाई सचिन वालिया के अंतिम संस्कार के दौरान पुलिस पूरी तरह अलर्ट रही। मल्हीपुर मार्ग छावनी में तब्दील रहा। दहशत के कारण क्षेत्र की अधिकतर दुकानें बंद रही। लोगों की चहल-कदमी भी कम रही।
मल्हीपुर रोड पर पूरी आरएएफ, पुलिस और पीएसी के जवान चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे। पुलिस की गाड़ियां पूरे मार्ग पर दौड़ती रहीं। गांव रामनगर से शहर की तरफ और मल्हीपुर की तरफ दोनों जगह पुलिसकर्मी जगह-जगह निगरानी कर रहे थे। जहां भीड़ एकत्र थी, वहां पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में तैनात किए गए क्योंकि भीम आर्मी समर्थक आक्रोशित थे। इसे देखते हुए पुलिस अलर्ट रही। किसी भी घटना से निपटने की पूरी तैयारी की गई। साथ ही उच्चाधिकारी अधिकारी पल-पल की जानकारी लेते रहे। मल्हीपुर मार्ग पर अधिकतर दुकानें बंद रहीं। कुछ व्यापारियाें ने दुकानों के आधे शटर ही खोल रखे था। मार्ग पर सामान्य लोगों की चहल-कदमी कम रही। उधर, सचिन वालिया के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए भीम आर्मी समर्थक अपने वाहनों से रामनगर में पहुंचते रहे।