सहारनपुर। भीम आर्मी जिलाध्यक्ष के भाई सचिन वालिया को गोली काफी नजदीक से लगी थी, गोली दो दांतों को तोड़कर गले में फंस गई थी। जिससे उसकी मौत हो गई। बृहस्पतिवार को हुए पोस्टमार्टम में यह तथ्य सामने आया है। गले के अंदर से जो बुलेट मिला उसके 315 बोर के होने की पुष्टि हुई है।
रामनगर के सचिन वालिया की मौत गोली लगने से हुई थी। यह तो साफ था, मगर गोली शरीर के किस हिस्से में लगी है और कहां से निकली, इसको लेकर सिर्फ कयासबाजी थी। घायल अवस्था में सचिन को लेकर परिजन अस्पताल पहुंचे थे। डाक्टर ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया था। उसके बाद से पुलिस और भीम आर्मी समर्थकों में शव को लेकर खींचतान हुई थी। पुलिस ने समर्थकों से धक्का-मुक्की के बाद शव को मोर्चरी में रखवा दिया था। इस कारण कोई भी शव का बारीकी से अवलोकन नहीं कर पाया था।
बृहस्पतिवार सुबह जिलाधिकारी के आदेश पर तीन डाक्टरों की टीम द्वारा सचिन वालिया के शव का पोस्टमार्टम किया। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी हुई। पुलिस अधीक्षक नगर प्रबल प्रताप सिंह ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर बताया कि सचिन को काफी नजदीक से गोली लगी है। गोली मुंह के दो दांतों को तोड़कर गले में जा धंसी, जिससे उसकी मौत हुई है। उन्होंने बताया कि पीएम में जो बुलेट गले से मिली है, वो 315 बोर की है। ऐसे में तमंचे के प्रयोग की संभावना है। विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।