बिलासपुर के ग्रामीणों का कोतवाली पर प्रदर्शन
गंगोह (सहारनपुर)। गांव बिलासपुर निवासी किसान के अपहरणकर्ताओं की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने कोतवाली पर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि मामले में छह लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई थी। इसके बावजूद पुलिस ने रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की। हालांकि अपहृत व्यक्ति चार दिन बाद आरोपियों की पकड़ से छूटकर लौट आया था।
बता दें कि गांव बिलासपुर निवासी चुहड़ सिंह ने कोतवाली में तहरीर देकर एक महिला सहित छह लोगों पर उसके पुत्र कंवरपाल का अपहरण करने का आरोप लगाया था। तीन दिन बाद अपहृत कंवरपाल गंभीर हालत में ततारपुर के जंगल से बरामद कर लिया गया था। वह निजी अस्पताल में भर्ती है। परिजनों के अनुसार बाइक सवार दो लोग उसे जंगल में डाल गए थे। कंवर पाल के मिलने के बाद से ही पीड़ित पक्ष पुलिस पर कार्रवाई करने का दबाव बना रहा है। बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने कोतवाली पहुंच कर प्रदर्शन किया और आरोपियों को शीघ्र पकड़ने की मांग की। प्रदर्शनकारियों में देवेंद्र, वीरेंद्र, सतपाल, संजय, सेठपाल, बिल्लो, बिशन, भूल्लन, मोहर सिंह, मोनू, राम मेहर आदि शामिल रहे। कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार के अनुसार यह मामला लेनदेन से जुड़ा लग रहा है। प्रकरण की जांच की जा रही है।