खेतासराय (जौनपुर)। बिक्री के लिए एजेंसी पर ले जाई जा रही बाइक को बोलेरो सवार बदमाशों ने सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के लपरी गांव के पास लूट लिया। बाइक लूटकर बदमाश खेतासराय की ओर फरार हो गए। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर छानबीन कराई लेकिन बदमाशों का पता नहीं चल सका। एजेंसी मालिक की तहरीर पर पुलिस ने बाइक लूट का केस दर्ज कर लिया है।
खेतासराय कस्बे में सुपर ऑटो सेल्स के नाम से हीरो बाइक की एजेंसी है । नवरात्र ग्राहकों की डिमांड को देखते हुए गुरुवार पचहटिया स्थित हीरो बाइक के मुख्य डीलर के यहां से 27 बाइक पिकप पर लादकर खेतासराय लाई जा रही थी। जबकि एक बाइक एजेंसी का कर्मचारी अजीम निवासी मनेछा खेतासराय खुद चलाकर खेतासराय आ रहा था। पिकअप पीछे थी और अजीम आगे आगे चल रहा था। वह सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के लपरी गांव स्थित हनुमान मंदिर के पास पहुंचा था तभी पीछे से आए बोलेरो सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर अजीम को रोक लिया। बदमाशों के हाथ में लाठी और डंडा था। लाठी के बलपर बदमाशों ने बाइक लूटकर खेतासराय की तरफ भाग गए। बदमाशों ने उसका मोबाइल भी छीन लिया। पीछे पिकअप से आ रहे एजेंसी के कर्मचारियों को अजीम ने घटना की सूचना दी। कर्मचारियों ने घटना की जानकारी एजेंसी संचालक हिसामुद्दीन को दी। हिसामुद्दीन ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कराकर छानबीन कराई लेकिन बदमाशों का कहीं सुराग नहीं लग सका। एजेंसी संचालक की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।