शादी के पांच माह बाद ही गर्भवती की दहेज के लिए हत्या
छुटमलपुर। नगदी और बाइक की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने शादी के पांच माह बाद ही गर्भवती विवाहिता की गला घोंट कर हत्या कर दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे मायके वालों ने पुलिस को खबर की। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पीएम के लिए भेज दिया। एसडीएम बेहट और सीओ सदर ने भी गांव पहुंच कर मामले की जांच की। इसके बाद पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति सहित चार ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बिहारीगढ़ थाने के गांव कुरढ़ीखेड़ा निवासी असलम की बेटी शबनम की शादी पिछले साल पांच नवंबर को फतेहपुर थाने के गांव कमालपुर निवासी परवेज पुत्र निसार के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले कम दहेज को लेकर प्रताड़ित करने लगे। मृतक के भाई मोहसिन द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार 10 अप्रैल को उसकी बहन घर आई। उसने बताया कि उसके ससुरालियों ने 50 हजार रुपये और बाइक लाने के लिए उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया है। इसके बाद उन्होंने 24 अप्रैल को उसके देवर सावेज के साथ समझा बुझा उसे ससुराल भेज दिया था। अगले दिन 25 अप्रैल की रात उसकी बहन ने उसे फोन करके बताया कि उसके ससुराली बाइक और रुपये ना ला पाने के कारण उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। इस पर उन्होंने सुबह आने की बात कही। बृहस्पतिवार की सुबह सात बजे देवर सावेज ने फोन करके बताया कि शबनम की मौत हो गई है। इसके बाद वे आनन फानन में गांव पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। उसने बताया कि उसकी बहन गर्भवती भी थी। उसके गले पर निशान थे।
मोहसिन की तरफ से पति, देवर और सास मतीना और ससुर निसार के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने घटना के बाद पति और सास ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।