रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। एसएसपी बबलू कुमार ने कहा कि पुलिस पीड़ितों के लिए न्यायकारी बने और क्राइम करने वालों के साथ खूंखार रूप से पेश आए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि वह पीड़ित को न्याय दिलाने में अपनी अहम भूमिका निभाएं जिससे आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास पैदा हो सके।
इस्लामनगर में नव निर्मित पुलिस चौकी भवन का एसएसपी बबलू कुमार ने उद्घाटन किया गया। इस मौके पर आयोजित समारोह में एसएसपी ने अपने संबोधन में क्षेत्र के सभी ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य व ग्रामीणों से कहा कि सबसे पहले वह गांव की सुंदरता के लिए ग्रामीणों को जागरूक करें। यदि गांव स्वच्छ होगा तभी हमारा मन भी विकास कार्यों के लिए आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि सबसे पहले प्रत्येक व्यक्ति के लिए शिक्षा जरूरी है गांव शिक्षित होगा तो गांव का भविष्य भी अच्छा होगा। उन्होंने समारोह में उपस्थित ग्रामीणों का आह्वान किया कि वह छोटे-छोटे झगड़ों को आपस में मिल बैठकर निपटाने का काम करें। किसी निर्दोष को अपराधी बनाने से बचें क्योंकि यदि रंजिशन किसी छात्र के प्रति थाने में कोई रिपोर्ट दर्ज हो जाती है तो उसका भविष्य चौपट हो जाएगा। एसएसपी ने कहा कि पुलिस जनता की सहयोगी है, मित्र है उससे कोई भी पीड़ित व्यक्ति चाहे वह महिला हो या पुरुष सीधे संवाद कर सकता है इसमें किसी प्रकार का भय नहीं होना चाहिए क्योंकि पुलिस जनता के लिए ही कार्य कर रही है। इस दौरान उन्होंने रामपुर मनिहारान थाने के सभी चौकीदारों को कंबल वितरित किए। उन्होंने चौकीदारों से भी कहा कि वह अपने क्षेत्र में संदिग्धों पर नजर रखें और उसकी सूचना पुलिस को दें। इसलामनगर के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि साकिब अली का एसएसपी ने धन्यवाद किया कि उन्होंने अपने स्वयं के अपने खर्चे से चौकी भवन का निर्माण कराया है यह एक सराहनीय काम किया है। इस मौके पर एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह, एसपी देहात विद्या सागर मिश्रा, सीओ नकुड़ यतेन्द्र सिंह नागर, सीओ गंगोह आरके सिंह, थाना प्रभारी एसके राणा, बड़गांव थाना प्रभारी भूपेन्द्र बालियान के अलावा राजू माजरा, डा. जयपाल सिंह, गुलशन प्रधान, दानिश, राजेश वाल्मीकि, हाजी उस्मान, इकबाल, जमील, प्रीतम गुर्जर, चौधरी कुशल आदि रहे। कार्यक्रम का संचालन अमर बहादुर ने किया।