बेहट (सहारनपुर)। सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी में लगे पदयात्री मेले के दौरान गुब्बारे बेचने वालों और श्रद्धालुओं के बीच गुब्बारा छीनने को लेकर जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें दोनों पक्षों के दो लोग घायल हुए हैं। शाकंभरी देवी पदयात्री मेले में शामली निवासी कुछ युवकों द्वारा गुब्बारों की दुकान लगाई गई है। बताया गया है कि बागपत से आए श्रद्धालुओं में से एक युवक का गुब्बारा छीनकर भागने लगा। इस पर दुकानदारों ने मिलकर उसे पकड़ लिया और धुनाई कर डाली। इसके बाद श्रद्धालु पक्ष के लोग भी वहां आ गए और दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चल गए, जिसमें दुकानदार चंद्रबोस निवासी शामली एवं एक श्रद्धालु घायल हुए है। श्रद्धालुओं ने बीच-बचाव कराया। पुलिस व्यवस्था चौपट होने से मारपीट के दौरान काफी देर तक मेला परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
हापुड़ और मेरठ के श्रद्धलुओं की जेब कटी
सिद्धपीठ में शाकंभरी देवी के दर्शनों के लिए लाइन में लगे हापुड़ और मेरठ निवासी आधा दर्जन श्रद्धालुओं की जेब कट गई और कई श्रद्धालुओं की चेन भी झपट ली गई। मंगलवार को हापुड़ निवासी सुनील गुप्ता, आजाद गिरि, नवीन गुप्ता देवी दर्शनों के लिए लाइन में लगे थे। इसी दौरान किसी ने उनकी जेब साफ कर दी। बकौल पीड़ित श्रद्धालु सुनील के गले से सोने की चेन, पर्स जिसमें करीब ढाई हजार रुपये की नगदी थी। आजाद गिरि के पर्स जिसमें दो आईडी, 500 रुपये, नवीन गुप्ता की जेब से 24 हजार रुपये की नगदी साफ कर दी। इसके अलावा मेरठ निवासी तीन चार श्रद्धालुओं की जेब भी साफ कर दी गई।