छुटमलपुर। छोटी दिवाली की रात चोरों ने बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र में सुंदरपुर-शाकंभरी मार्ग स्थित एक खनन सप्लायर के दफ्तर के सामने से 12 टायर वाला ट्रक चोरी कर लिया। पीड़ित ट्रक मालिक ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उधर फतेहपुर के गंदेवड़ा में परचून की दुकान के ताले तोड़कर चोरों ने नगदी और सामान चोरी कर लिया।
पीड़ित ट्रक मालिक पुनीत शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार छोटी दिवाली की रात 11 बजे अपना आफिस बंद करके घर चला गया था। रात दो बजे वह आफिस आया तो वहां खड़ा 12 टायरा ट्रक चोरी हो गया था। उसने बताया कि चालक उस रात छुट्टी पर था और परिचालक पास खड़े दूसरे ट्रक में सो रहा था। पीड़ित ने ट्रक को तलाश कराने की मांग की है। वहीं फतेहपुर थाना क्षेत्र के गांव कमेशपुर निवासी असलम की गंदेवड़ा अड्डे पर परचून की दुकान है। रात किसी वक्त चोरों ने उसकी दुकान के ताले तोड़ कर तीन हजार रुपये की नगदी सहित करीब बीस हजार रुपये का परचून का सामान चोरी कर लिया। पीड़ित को चोरी का पता बृहस्पतिवार की सुबह तब चला जब वह दुकान पर आया। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।