छुटमलपुर (सहारनपुर)। फतेहपुर थाना क्षेत्र के गांव मुसैल निवादा में बीती 27 जून को हुई चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो मोबाइल चोरों को पकड़ कर जेल भेज दिया है। पकड़े गये चोरों के पास से पुलिस ने चोरी के तीन मोबाइल, साढे़ तीन हजार रुपये एवं एक तमंचा बरामद करने का दावा किया है।
बता दें कि 27 जून को थाना क्षेत्र के गांव मुसैल निवादा में चोरों ने एक घर से तीन मोबाइल एवं साढ़े छह हजार रुपये चोरी कर लिए थे। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी थी। जिसकी रिपोर्ट पुलिस ने दर्ज करते हुए चोरों की तलाश को टीम गठित की थी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गांव करौंदी निवासी अल्ताफ पुत्र मतलूब एवं उसके साथी कलसिया निवासी विवेक पुत्र नाथी राम को शनिवार की रात धर दबोचा। उनके पास से चोरी के तीन मोबाइल एवं साढ़े तीन हजार की नगदी, एक तमंचा बरामद किया है। थानाध्यक्ष भानू प्रताप सिंह ने बताया कि अल्ताफ पिछले कई वर्षों से मोबाइल चोरी करके बेचता आ रहा है।