तीतरों। ग्राम तबर्रकपुर स्थित अपनी ननिहाल आई पांच वर्षीय बच्ची गरिमा की मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि बच्ची कई दिनों से बुखार से पीड़ित थी, जिसके कारण उसने दम तोड़ा है।
गांव बम्बयाला निवासी रेखा अपनी पांच साल की बेटी गरिमा के साथ दो दिन पहले मायके में रहने के लिए आई थी। उसने बताया कि बीते दो दिनों से उसकी बेटी गरिमा को तेज बुखार आ रहा था। शुरुआत में परिजनों ने गांव में ही चिकित्सक से उसका उपचार कराया, लेकिन बच्ची को आराम नहीं मिला। इसके बाद परिजन उसे तीतरों स्थित एक निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे।
वहां भी उपचार के बावजूद तबीयत में सुधार नहीं हो पाया। शुक्रवार को परिजन बच्ची को हालत बिगड़ने पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तीतरों लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक बच्ची को मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों राकेश कुमार, नरेश, सहंसपाल श्याम सिंह, वेदपाल, नेत्रपाल और गुरवेश चौधरी आदि का कहना है कि गांव में पिछले कई दिनों से लोग बुखार की चपेट में हैं। स्वास्थ्य टीम भेजकर उपचार कराया जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से खानपुर अफगान में प्रेमसिंह, सीताराम, साक्षी व रीना आदि भी बुखार से ग्रस्त है तथा विभिन्न जगहों से उपचार करा रहे हैं।