सहारनपुर। अवैध काॅलोनियों और अवैध निर्माण को लेकर मंडलायुक्त अटल कुमार राय सख्त हो गए हैं। उन्होंने प्राधिकरण से अवैध रूप से विकसित की जा रही काॅलोनियों और अवैध निर्माण पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट तलब की है। इससे विभाग और अवैध काॅलोनाइजर्स में हड़कंप है।
मंडलायुक्त ने अवैध काॅलोनियों और अवैध निर्माण को लेकर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष को निर्देश जारी किए हैं। पत्र में उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और आम जनता से शिकायतें लगातार आ रही हैं कि विकास प्राधिकरण क्षेत्र में कुछ काॅलोनाइजर्स बिना ले-आउट पास कराए अवैध रूप से काॅलोनियां विकसित कर रहे हैं, जिससे न सिर्फ प्राधिकरण को वित्तीय क्षति पहुंच रही हैं, बल्कि शहर का भी अनियोजित विकास हो रहा है।
उन्होंने निर्देश दिए कि अवर अभियंता, सहायक अभियंता और अधिशासी अभियंता अपने-अपने क्षेत्र का भ्रमण कर कड़ी कार्रवाई करें। उन्होेंने महीने की एक और 15 तारीख को कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है। इसमें अभियंताओं द्वारा किए गए निरीक्षण, चालानी कार्रवाई, सील की कार्रवाई और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की डिटेल देनी होगी। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख करना होगा कि नोटिस, सील एवं ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के बाद भी कितने स्थानों पर बिना किसी अनुमति के पुन: कार्य होते हुए पाया गया।