सहारनपुर। कोविड 19 की नियम सरकारी अस्पतालों में टूट रहे हैं। अधिकतर मरीज और तिमारदार कोरोना नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। सोशल डिस्टेंसिंग पूरी तरह तार तार है। काउंटर पर पर्ची बनवाने, ओपीडी में चिकित्सक से परामर्श लेने और अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे आदि के लिए मरीजों की कतारें रही। अधिकतर मरीज और तिमारदारों के चेहरे से मास्क गायब हैं। टूटते कोविड के नियमों को लेकर अस्पताल प्रशासन भी गंभीर नहीं है।
सुबह 09 बजे
पर्ची बनवाने के लिए एक छत के नीचे करीब छह काउंटर चलते हैं, जिसकी वजह से भीड़ रहती है। बुधवार को भी पर्ची बनवाने के लिए मरीजों और तीमारदारों की भीड़ नजर आई। जिनके बीच सोशल डिस्टेंसिंग नहीं थी।
-सुबह 10 बजे
ओपीडी के बाहर मरीजों की कतारें लगी नजर आई। ज्यादातर मरीजों ने मास्क तो लगाए थे, मगर सोशल डिस्टेंसिंग नहीं थी। जल्दी नंबर पाने के लिए मरीज एक-दूसरे से सटे नजर आए। यहां तैनात वार्ड ब्वाय व्यवस्था बनाने की कोशिश करते दिखे, मगर सोशल डिस्टेंसिंग नहीं थी।
-पूर्वाह्न 11:20 बजे
एसबीडी जिला अस्पताल में बनी एमआरआई की बिल्डिंग में कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हुए थे। महिलाओं और पुरुषों की अलग-अलग कतारें लगी थी। लोगों के मुंह पर मास्क थे, मगर अनेक लोगों ने मास्क चेहरे से नीचे किए हुए थे। सोशल डिस्टेंसिंग की व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त नजर आई।
-- वर्जन
कोरोना से बचाव के लिए सोशल डिस्टेंसिंग बेहद जरूरी है। मास्क से नाक ढकी होनी चाहिए। लोगों को चाहिए कि वह बेहद जरूरी होने पर ही अस्पताल आएं। अस्पतालों में दिशा निर्देशों के पालन कराने के लिए निर्देशित किया जाएगा।
- डॉ. बीएस सोढी, सीएमओ।