सहारनपुर। जनपद के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 29 पदों पर भर्ती के लिए विकास भवन सभागार में हुई काउंसिलिंग/साक्षात्कार में चयन समिति के समक्ष 98 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 79 अभ्यर्थी उपस्थित हुए।
चयन समिति में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य एसएम सिद्दीकी, जिला समाज कल्याण अधिकारी अर्चना सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक योगराज सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता और देवेंद्र उपस्थित रहे। अभ्यर्थियों के शैक्षणिक प्रमाण पत्र लेने के साथ ही उनका साक्षात्कार भी लिया गया। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी अंशुल कुमार, सहदेव गंगवार, सुरेश त्यागी, निशा रानी, नीलम, जिला समन्वयक बालिका शिक्षा श्रेया पटवा, वरुण कुमार, अतुल कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
मजदूरों के बच्चों के लिए आज से चलेगा स्कूल
सहारनपुर। मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय के भवन निर्माण कार्यों में लगे मजदूरों के बच्चों की शिक्षा जारी रखने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग वहां अस्थाई विद्यालय शुरू करने जा रहा है। विद्यालय का उद्घाटन शुक्रवार की सुबह दस बजे विश्वविद्यालय परिसर में ही होगा। उद्घाटन मंडलायुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद के द्वारा किया जाएगा।
आंतरिक परीक्षाएं 16 से 20 दिसंबर तक
सहारनपुर। जेवी जैन कॉलेज में एमए, एमएससी, एमकॉम तीसरे सेमेस्टर की पहली आंतरिक परीक्षाएं 16, 18, 19 और 20 दिसंबर को होंगी। परीक्षा पूर्वाह्न 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होंगी। कॉलेज के छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. हरवीर सिंह ने संबंधित विद्यार्थियों को पेपर कोड के क्रम के अनुसार समय से उपस्थित होने को कहा है। महाविद्यालय की वेबसाइट पर परीक्षा संबंधी जानकारी उपलब्ध है।