सहारनपुर। नगर निगम बोर्ड की कार्यकारिणी समिति की बैठक में पार्षदों ने विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए निस्तारण की मांग की। पार्षदों ने सीवरेज कंपनी का ठेका निरस्त करने की मांग के साथ ही मोबाइल कंपनी द्वारा सड़कें खोदकर छोड़े जाने पर भी नाराजगी व्यक्त की।
सोमवार को जनमंच प्रेक्षागृह में आयोजित बैठक की अध्यक्षता महापौर संजीव वालिया ने की। पार्षद अशोक राजपूत ने नगर में सीवरेज का काम कर रही कंपनी के कार्य पर असंतोष जताते हुए कहा कि जब तक निगम के हाथ में सीवरेज का काम था। तब तक व्यवस्था सही चल रही थी, लेकिन जिस दिन से कंपनी के हाथ में आई है। हालात खराब हो गए हैं। उन्होंनेे कार्यकारिणी के सभी पार्षदों के हस्ताक्षरों से युक्त एक मांगपत्र महापौर को सौंपते हुए ठेका निरस्त करने की मांग की। इसके अलावा कार्यकारिणी में मौजूद सभी पार्षदों ने एक स्वर में एक मोबाइल कंपनी के खिलाफ गुस्सा व्यक्त करते हुए कार्रवाई की मांग की। महापौर ने पार्षदों की बात से सहमति जताते हुए नगरायुक्त को निर्देश दिए कि वह इस संबंध में पूरी जांच कर जरूरी कार्रवाई करें। पार्षद आशुतोष सहगल, पार्षद मानसिंह जैन, पार्षद शहजाद, पार्षद चंद्रजीत सिंह निक्कू, पार्षद गुलशेर, पार्षद रमेश छाबड़ा, पार्षद नरेश रावत ने कई समस्याएं उठाते हुए निस्तारण की मांग की। बैठक में अंजना शर्मा, गौरव, कुशल कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण बीके सिंह, उप नगरायुक्त दिनेश यादव, नगर स्वास्थय अधिकारी डॉ. एके त्रिपाठी, मुख्यकर निर्धारण अधिकारी रवीश चौधरी आदि मौजूद रहे।
छह माह बाद नहीं दिखेंगे कूड़े के ढेर
सहारनपुर जल्दी ही कूड़ा मुक्त होगा। कचरा प्रबंधन के लिए खरीदी गई भूमि पर अगले तीन माह में मशीनें लगाने का काम और अगले छह माह में कूड़ा निस्तारण प्लांट शुरू होगा। यह जानकारी महापौर संजीव वालिया और नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने बैठक में पार्षदों द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में दी।
बिजली चोरी पर लगेगा 25 हजार जुर्माना
नगर निगम कार्यकारिणी ने प्रस्ताव पारित किया है कि यदि निगम की बिजली लाइन से कोई व्यक्ति बिजली चोरी करता पकड़ा गया। तो उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने के साथ ही 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
अतिक्रमण से कोई समझौता नहीं : महापौर
महापौर संजीव वालिया ने कहा कि महानगर की सड़कों से अतिक्रमण हटाने में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। बिना किसी भेदभाव और बिना किसी पक्ष किए हर तरह का अतिक्रमण हटाया जाएगा। उन्होंने जनता से खुद ही अतिक्रमण हटाने की अपील की।
हमेशा याद रहेगा सहारनपुर : नगरायुक्त
पार्षदों की ओर से नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह को आईएएस संवर्ग में चयनित होने पर बधाई दी गई। पार्षद चंद्रजीत सिंह निक्कू ने शुभकामनाएं दीं। नगरायुक्त ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सहारनपुर का कार्यकाल उनका यादगार कार्यकाल है। सहारनपुर और यहां की जनता को वह कभी नहीं भुला पाएंगे।