सहारनपुर। कोरोना संक्रमण तीसरी लहर में जितनी तेजी से बढ़ा है और उसी रफ्तार से कम भी हो रहा है, जिसे अच्छा संकेत माना जा रहा है। खास बात यह है कि जनपद में 17 दिन के बाद सक्रिय मरीजों की संख्या एक हजार से नीचे आ गई है। ऐसे में कोरोना को लेकर लगी कुछ पाबंदियां हटने की उम्मीद है।
जनवरी के शुरूआत में बीते वर्ष जनवरी की तुलना में कोरोना संक्रमण छह से सात गुना अधिक तेजी से बढ़ रहा था। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कोरोना की तीसरी लहर में जनपद में अभी तक कुल 5,701 संक्रमित मिले, जिनमें से 5,674 अकेले जनवरी माह में यानी 29 दिनों में मिले हैं। 12 जनवरी को जनपद में 987 सक्रिय मरीज थे, जो 13 जनवरी को बढ़कर 1276 हो गए थे। 21 जनवरी को जनपद में अधिकतम 2,389 सक्रिय मरीज थे। 12 जनवरी से अब यानी 17 दिन के बाद सक्रिय मरीजों की संख्या एक हजार से कम 921 हुई है।
प्रतिदिन होती हैं 4.5 हजार से अधिक जांच
जनपद में प्रतिदिन कोरोना की 4.5 हजार से अधिक जांच होती हैं। नोडल अधिकारी शिवांका गौड़ ने बताया कि जनपद में प्रतिदिन 4.5 हजार जांच का लक्ष्य है। सहारनपुर नगर में चार जगह जांच केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा राजकीय मेडिकल कॉलेज और सभी सीएचसी, पीएचसी पर भी जांच चल रही है। टीमें जगह-जगह जाकर भी जांच कर रही हैं।
लापरवाही ना बरतें लोग : सीएमओ
सीएमओ डॉ. संजीव मांगलिक ने बताया कि कोरोना संक्रमण या सक्रिय मरीजों की संख्या कम होने का मतलब यह नहीं है कि कोरोना का खतरा कम हो रहा है। लोगों को चाहिए कि वह कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। बेवजह भीड़ वाले स्थलों पर ना जाएं। घर से बाहर मास्क का प्रयोग करें। सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें।