ग्रीन क्रेकर का प्रयोग कर प्रदूषण नियंत्रण में करें सहयोग : डीएम
सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने जनपदवासियों से आह्वान किया है कि दीपावली पर नई तकनीक के ग्रीन क्रेकर व डिजिटल/लेजर का प्रयोग कर प्रदूषण नियंत्रण में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि दीपावली पर छोड़ी जाने वाली आतिशबाजी व पटाखों से पूरा वायुमंडल दूषित होता है। इससे सांस संबंधी बीमारियां होती हैं। उन्होंने जनता से अपील की है कि इस दीपावली को प्रदूषण मुक्त बनाने में सहयोग करें।
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने नगर मजिस्ट्रेट, समस्त उप जिला मजिस्ट्रेट एवं क्षेत्रीय अधिकारी उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सहित सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि नई तकनीक के बारे में सभी को अवगत कराएं तथा आम जनता में जागरूकता फैलाएं। लोगों को प्रदूषण मुक्त दिवाली मनाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को बचाने के लिए सुरक्षा की दिशा में कुछ जरूरी कदम उठाने होंगे।