सहारनपुर। मौसम में उतार-चढ़ाव से वायरल बुखार के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जनपदीय ड्रग वेयर हाउस से सरकारी अस्पतालों में 21 फीसदी अधिक पैरासिटामोल की खपत हुई है। इसके अलावा बुखार में दी जाने वाली एंटीबायोटिक और कफ सिरप में भी उछाल आया है।
लखनौती में जनपदीय ड्रग वेयर हाउस स्थापित है। यहां से राजकीय मेडिकल कॉलेज, एसबीडी जिला अस्पताल, सीएचसी-पीएचसी और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में दवाइयों की सप्लाई होती है। इन दिनों सरकारी और निजी अस्पतालों में वायरल बुखार के मरीज बढ़ रहे हैं। एसबीडी जिला अस्पताल की ओपीडी में बुखार के रोजाना 100 से अधिक मरीज पहुंच रहे।
अस्पताल के वार्ड फुल हैं। इमरजेंसी वार्ड में एक बेड पर दो-दो मरीज लिटाकर इलाज किया जा रहा है। सरकारी अस्पतालों में एकाएक बुखार के मरीज बढ़ने से पैरासिटामोल की खपत में 21 फीसदी तक का इजाफा हुआ है। जुलाई में जनपदीय ड्रग वेयर हाउस से सरकारी अस्पतालों में पैरासिटामोल की 7,23,600 गोलियां गई थी।
अगस्त में 9,19,200 पैरासिटामोल की गोलियां भेजी गई थी। उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि इन दिनों बुखार का सीजन है। इसमें पैरासिटामोल की खपत बढ़ जाती है।