सड़क निर्माण के लिए लोनिवि द्वारा डलवाई गई सामग्री
- फोटो : SAHARANPUR
बड़गांव (सहारनपुर)। सहारनपुर-बड़गांव मार्ग पर निर्माण कार्य बृहस्पतिवार से आरंभ हो गया। इससे अब क्षेत्रीय लोगों को सड़क से गुजरते समय परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। बता दें कि 28 किमी लंबाई वाले इस मार्ग पर 24 किमी सड़क तो साफ सुथरी हैं, लेकिन चार किमी सड़क गड्ढों में तब्दील पड़ी है।
अमर उजाला ने बीते दिनों सहारनपुर-बड़गांव मार्ग की स्थिति पर प्रमुखता के साथ खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद विभाग की नींद खुली। पीडब्ल्यूडी द्वारा क्षतिग्रस्त पड़ी सड़क पर पत्थर व कोरसेंट व पत्थर डलवाना आरंभ कर दिया गया। इससे अब सड़क का जल्द निर्माण पूरा होने की संभावना है। ज्ञात रहे कि सहारनपुर से मियानगी गांव के मोड़ तक करीब 24 किमी की सड़क साफ सुथरी बनी है, वहीं देवबंद विधानसभा क्षेत्र शुरू होते ही सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई। आलम यह है कि 4 किमी की सड़क पर 150 से भी अधिक गड्ढे हैं। जिन पर गुजरते समय हर दिन कोई न कोई हादसा होता रहता है। बरसात के मौसम में तो सड़क की स्थिति बद से बदतर हो गई। राहगीरों को चलने में भी भारी परेशानी उठानी पड़ी। सड़क पर निर्माण शुरू होने पर क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। उन्होंने इसके लिए अमर उजाला का आभार व्यक्त किया है।