सहारनपुर/रामपुर मनिहारान। दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे 709 बी पर जंधेड़ी फाटक और रामपुर मनिहारान रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। इन ओवरब्रिज के बनने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी जाम से राहत मिलेगी, साथ ही यात्रा भी सुलभ होगी।
दिल्ली-यमुनोत्री 709 बी हाईवे का बागपत से शामली तक कार्य पूरा हो चुका है। नानौता के पास जंधेड़ी रेलवे फाटक के पास व शामली से नानौता की की ओर अभी कार्य चल रहा है। नानौता के पास जंधेड़ी रेलवे फाटक और रामपुर मनिहारान में रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज बनने हैं। इन ओवरब्रिज का निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है। यह ओवर ब्रिज फोरलेन होंगे और इनके दोनों तरफ सर्विस रोड निकाली जाएगी। इसके साथ ही हाईवे पर डिवाइडर बनाने का काम भी किया जाएगा। तहसील प्रशासन द्वारा ओवरब्रिज के आसपास आ रहे ज्यादातर मकानों और दुकानों को हटवा दिया गया है। जो अभी नहीं हट सके हैं उन्हें तेजी से हटवाने का कार्य शुरू कर दिया है। यहां रेलवे लाइन पर पुल का निर्माण कार्य शुरू होने से कस्बावासियों में हर्ष की लहर है। आनंद, जनेश्वर, मांगेराम, गोविंद आदि का कहना है कि इससे कसबे को जाम से मुक्ति मिलेगी। अभी तक हाईवे पर भारी वाहनों और ज्यादा यातायात के कारण रेलवे फाटक पर जाम की स्थिति रहती है।
इस संबंध में कार्यदायी संस्था कृष्णा कंस्ट्रक्शन के प्रोजेक्ट मैनेजर गोरेलाल ने बताया कि जंधेड़ी व रामपुर मनिहारान रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज का कार्य चल रहा है। हालांकि अभी सर्विस रोड के लिए जमीन पर बने कुछ निर्माण हटाए नहीं जा सके थे। इसके हटते ही काम शुरू कर दिया गया है।