सरसावा में राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगी वाहनों की कतार
- फोटो : SAHARANPUR
सरसावा (सहारनपुर)। राष्ट्रीय राजमार्ग पर नए बाईपास के लिए आई निर्माण सामग्री सड़क पर गिरने के कारण करीब आठ घंटे तक वाहनों को रेंग कर गुजरना पड़ा। बाद में पुलिस कर्मियों ने जेसीबी मशीन से मलबा हटवा कर किसी प्रकार राजमार्ग खुलवा कर ट्रैफिक को सामान्य कराया।
रुड़की पंचकूला राष्ट्रीय राजमार्ग 73 पर सरसावा के समीप नए बाईपास का निर्माण हो रहा है। मंगलवार की देर रात निर्माण कंपनी के कर्मचारियों ने सड़क को एक साइड से बंद कर सड़क पर निर्माण सामग्री डाल दी। लकड़ी से लदी कुछ ट्रैक्टर ट्रॉली चालकों ने उसी निर्माण सामग्री के ऊपर से वाहन निकालने चाहे। इससे ट्रैक्टर ट्रॉली वहीं धंस गए। इसके बाद रात्रि दो बजे राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई तथा मीलों लंबा जाम लग गया। सरसावा पुलिस ने किसी प्रकार रास्ता बना कर धीमी रफ्तार से वाहनों को निकालने का प्रयास किया, लेकिन अंधेरा होने तथा कार चालकों की बेतरतीब ड्राइविंग के कारण जाम की समस्या और बढ़ गई। बुधवार को सुबह 9 बजे सरसावा पुलिस ने जेसीबी मशीन मंगवा कर निर्माण सामग्री को एक ओर कराया तथा एक साइड का रास्ता खोल कर वाहनों को निकालवाया। तब जाकर राजमार्ग से जाम खुल पाया। इस दौरान जाम में फंसे यात्रियों को करीब आठ घंटे तक भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सरसावा में पुलिस द्वारा जेसीबी मशीन से हटाया जा रहा मलबा- फोटो : SAHARANPUR