सहारनपुर। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद उसने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को वह सम्मान नहीं दिया, जिसके वे हकदार थे। भाजपा सरकार ने डॉ. आंबेडकर को भारत रत्न देकर उनके योगदान को उचित सम्मान दिया।
गणेशपुर में आयोजित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के लोकार्पण कार्यक्रम में पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प तेजी से साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह एक्सप्रेसवे न सिर्फ यातायात को सुगम बनाएगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई गति देगा। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के दिन इस परियोजना का लोकार्पण अपने आप में उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। कहा कि कांग्रेस सरकारें वर्षों तक डॉ. आंबेडकर को भारत रत्न देने का साहस नहीं जुटा सकीं, जबकि भाजपा सरकार ने यह ऐतिहासिक निर्णय लेकर उनके सम्मान को नई ऊंचाई दी। सरकार डॉ. भीमराव के सपनों के अनुरूप समाज में समानता, विकास और अवसरों को सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रही है।