सहारनपुर। विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने नई टाउनशिप के लिए किए जाने वाले भूमि अधिग्रहण को लेकर किसानों की आपत्तियाें की सुनवाई की। उन्होंने बताया कि कृषि भूमि पर सर्किल रेट का चार और आबादी की भूमि का दोगुना मुआवजा दिया जाएगा।
विकास प्राधिकरण द्वारा मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण/नए शहर प्रोत्साहन योजना के तहत विकसित की जानी वाली टाउनशिप को लेकर शिविर लगाया गया। इस योजना के लिए ग्राम चुनहेटी गाडा, सैदपुरा एवं मोहम्मदपुर बहलोलपुर में 52.20 हेक्टेयर भूमि का सहमति के आधार पर क्रय किया जाना है। इसे लेकर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने योजना स्थल पर शिविर लगाया और किसानों एवं ग्रामीणों की आपत्तियां सुनी। उन्होंने किसानों को अधिग्रहीत भूमि के मुआवजे की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कृषि भूमि के लिए सर्किल रेट का चार गुणा एवं आबादी की भूमि के सर्किल रेट का दोगुना मुआवजा निर्धारित किया गया है। उन्होंने किसानों और ग्रामीणों की शंकाओं का समाधान भी किया। इस दौरान उपाध्यक्ष संतोष कुमार राय, अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार शर्मा, सहायक अभियंता सार्थक शर्मा और राजस्व कर्मी आदि मौजूद रहे।