साधारण सिंह के ग्रामीणों ने शनिवार को गागलहेड़ी-मुजफ्फरनगर हाईवे निर्माण में अंडर पास की मांग करते हुए जाम लगा कर खूब नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे एपको निर्माण कंपनी के अधिकारी ने वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था कराने का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत किया।
शनिवार की सुबह करीब 10 बजे भाकियू नेता अरुण राणा के नेतृत्व में ग्रामीण नारेबाजी करते हुए सधारणसिर चौराहे पर आ डटे। उन्होंने निर्माण कार्य रुकवाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। उनकी मांग थी कि करीब 20 गांव का गन्ना बजाज शुगर मिल गांगनौली में सप्लाई होता है जो इसी चौराहे से पास होता है।
निर्माण कंपनी ने चौराहे को अंडर पास नहीं दिया है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क पर बैठ कर जाम लगा दिया। इसकी सूचना मिलते ही नागल थाना प्रभारी गिरीश चंद जयंत मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया लेकिन वे नहीं माने। करीब आधा घंटा तक लगे जाम के दौरान दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गई।
एसओ की सूचना पर निर्माण कंपनी के एचआर मैनेजर सचिन कुमार ग्रामीणों के बीच पहुंचे और उन्होंने उन्हें आश्वासन देते हुए कहा कि उच्चाधिकारियों तक समस्या पहुंचाई जाएगी। जब तक कोई हल नहीं निकलता तब तक सड़क क्रासिंग के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कराई जाएगी। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए और जाम खोला।
प्रदर्शन करने वालों में महावीर राणा, देवेंद्र राणा, रविंद्र राणा, अलीम, रामबीर राणा, गुल्लु राणा, ओमवीर सिंह, सोमबीर सिंह, गोपाल शर्मा, सूरजपाल, अमित कुमार, सेठपाल, बंटी, जनेश्वर आदि शामिल रहे।