सहारनपुर में विश्वविद्यालय द्वारा बीएड 2013-14 का परीक्षा परिणाम घोषित नहीं किए जाने से आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया और डीएम को ज्ञापन सौंपकर परिणाम घोषित कराने की मांग की।
सोमवार को बीएड के छात्र-छात्राएं कलक्ट्रेट पहुंचे और विश्वविद्यालय के खिलाफ प्रदर्शन किया। छात्रों ने आरोप लगाया कि वर्ष 2013-14 में ओरनेट इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नालाजी, सांपला बेगमपुर, एचआईटी नकुड़, एशियन कॉलेज सहारनपुर, शिवालिक कॉलेज सहारनपुर के छात्र-छात्राओं ने बीएड की परीक्षा दी थी।
जिसका अभी तक परिणाम घोषित नहीं होने के कारण उनका भविष्य अंधकार में है। कई बार कॉलेज एवं विश्वविद्यालय से प्रार्थना पत्र देकर परीक्षा परिणाम घोषित कराने की मांग कर चुके हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
जब उनका परीक्षा परिणाम ही घोषित नहीं करना था तो उनकी परीक्षा क्यों कराई, क्यों उनकी प्रयोगात्मक परीक्षा कराई गई। आरोप लगाया कि छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
उन्होंने डीएम को ज्ञापन देकर परीक्षा परिणाम घोषित कराए जाने की मांग की। मांग करने वालों में जूली, जितेंद्र, शिवानी, सोनिया, रीना, शिवम, शुभम, अजय, शालू, धनप्रकाश, रोबिन, अरुण कुमार, अनुशा, दीपा, नेहा, सुमन, आराधना, मीना, मीनाक्षी, सोनिका, स्नेहा, काकी, रूपा, साक्षी, सुषमा, पूजा, संदीप, राजकिरण आदि शामिल रहे।