सहारनपुर। यातायात तोड़ने वालों पर संभागीय परिवहन के अधिकारियों ने सख्ती की है। बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत विभागीय अधिकारियों ने अलग-अलग क्षेत्रों में चेकिंग कर बिना हेलमेट 250 वाहन चालकों के चालान काटे। जुर्माना लगाकर वसूला गया।
बृहस्पतिवार को ट्रांसपोर्ट नगर स्थित संभागीय परिवहन कार्यालय में नो हेलमेट नो पेट्रोल को लेकर बैठक हुई। इस दौरान एआरटीओ प्रवर्तन एमपी सिंह व संदीप जायसवाल ने पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि बिना हेलमेट वाहनों में पेट्रोल न भरा जाए। इसमें कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी सक्रिय रखें। इसके अलावा संभागीय परिवहन अधिकारियों ने राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत जिलेभर में चेकिंग अभियान चलाया।
एआरटीओ प्रवर्तन एमपी सिंह ने बताया कि चेकिंग के दौरान 250 चालक बिना हेलमेट, 100 बिना सीट बेल्ट और 70 से 70 चालान यातायात नियम तोड़ने पर किए गए। लोगों को यातायात नियमों के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी नीरज सिंह, टीएसआई लोकेश कुमार, एचएसडी विक्रेता संघ सचिव अतुल सिंघल, उपाध्यक्ष नवनीत सिंह बग्गा, विजय सिंघल आदि रहे।