गांव शकरपुर में मरीजों से जानकारी लेते सीएमओ
- फोटो : SAHARANPUR
गंगोह (सहारनपुर)। गांव शकरपुर में बुखार व अन्य बीमारियों का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। बृहस्पतिवार को सीएमओ ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ गांव का दौरा कर ग्रामीणों से बीमारियों के संबंध में जानकारी ली।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र के गांव शकरपुर में पिछले दो सप्ताह से बुखार आदि कई तरह की बीमारियों का प्रकोप बना है। गांव में काफी संख्या में लोग बुखार, पेट व अन्य बीमारियों से पीड़ित हैं। अनेक मरीजों को स्थानीय स्तर पर आराम न मिलने पर देहरादून, मुलाना, करनाल व मेरठ के अस्पतालों में ले जाना पड़ा है। एक तरफ कोरोना महामारी और दूसरी तरफ मलेरिया, डेंगू की आशंका ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी।
गांव में फैल रही बीमारियों की सूचना पर सीएमओ डॉ. बीएस सोढ़ी, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. शिवांका गौड़, एसीएमओ डॉ. गीताराम, सीएचसी प्रभारी डॉ. रोहित वालिया ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ गांव का दौरा कर ग्रामीणों ने बीमारियों के बारे में जानकारी ली। इस मौके पर दवा बांटने के साथ ही जांच के लिए मरीजों की स्लाइडें भी बनाई। गांव के बाहर की तरफ खेतों में काफी दिनों से भरे पानी की निकासी व गांव में साफ सफाई कराने के लिए सीएमओ ने एसडीएम से फोन पर बात की।