सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जल्द ही सहारनपुर जनपद में आने की संभावना है। उनके आने की चर्चाओं के बीच जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वहीं मुख्यमंत्री के प्राथमिकताओं वाली योजनाओं की समीक्षा करने के साथ ही उनमें तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए हैं। मुख्यमंत्री सहारनपुर से ही मंडलीय समीक्षा बैठकों का शुभारंभ करेंगे।
सीएम योगी के जल्द ही जनपद में आने की संभावना के चलते जिले में प्रशासनिक कवायद तेज हो गई है। तमाम विभागों को तैयारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री अगस्त की शुरुआत में कभी भी आ सकते हैं। सीएम के दौरे को लेकर अफसरों में भी हडकंप की स्थिति बनी है। मुख्यमंत्री के आगमन की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने रविवार को विकास भवन सभागार में सभी विभागों की समीक्षा बैठक की और उन्हें तैयारी रखने के लिए कहा है। खास तौर पर मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली योजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। समीक्षा बैठक के साथ ही मुख्यमंत्री जनपद में किसी भी परियोजना का औचक निरीक्षण भी कर सकते हैं। इसको लेकर भी प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
यह भी पढ़ें: UP Lekhpal Exam: सॉल्वर गैंग के मास्टरमाइंड की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश, गिरफ्तारी होने पर खुलेंगे बड़े राज
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के जल्द ही जनपद में आगमन की संभावना है। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उम्मीद है कि मुख्यमंत्री मंडलीय समीक्षा बैठकों का शुभारंभ सहारनपुर से ही करेंगे। सभी अधिकारियों को पूरी तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं।